उदयपुर में दांडी मार्च की वर्षगांठ के आयोजन
उदयपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य व ऐतिहासिक दांडी मार्च की वर्षगांठ पर चल रहे कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गांधी जीवन दर्शन पर आधारित भजनों एवं देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन गिर्वा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भोइयो की पचोली में हुआ। शुरुआत पूर्व एडवोकेट जनरल गिरधारीसिंह बापना एवं गिर्वा उपखंड अधिकारी सौम्या झा ने गांधीजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की। स्कूली छात्रा गुनगुन, योगिता नाथ, चंचल प्रजापत, किरण डांगी, कुसुम भोई, शोभालाल पूर्बिया, चंचल कुमार आमेटा आदि ने प्रस्तुतियां दी। जिला स्तरीय समिति के संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने स्वागत किया। बापना ने कहा कि हम सब की जिम्मेदारी है कि आने वाली नई पीढ़ी को शिक्षित करने के साथ ही आपसी प्रेम एवं सद्भाव के साथ जीना सिखाएं, तभी हम एक सुन्दर एवं सुखद राष्ट्र की कल्पना कर सकते हैं। कार्यक्रम में युवा नेता विवेक कटारा, समिति के सह संयोजक सुधीर जोशी, बीईओ वीरेन्द्र यादव, प्रधानाचार्य देशपाल सिंह चुण्डावत, ब्लॉक संयोजक नवलसिंह चुण्डावत, नरेश चित्तौड़ा आदि उपस्थित थे।